- इससे पहले मंगलवार को राज्य में संक्रमण से 122 की जान गई थी, अब तक कुल 2710 मरीजों की मौत हो चुकी है
- राज्य में संक्रमितों की संख्या 77,793 पहुंची, यह देश के कुल मरीजों की संख्या का करीब 35 प्रतिशत है
दैनिक भास्कर
Jun 04, 2020, 08:50 PM IST
मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। गुरुवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में 24 घंटे में संक्रमण से 123 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में राज्य में मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले मंगलवार को 122 की जान गई थी। राज्य में अब तक संक्रमण से 2710 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा, बुधवार को 2933 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसे मिलाकर राज्य में मरीजों की कुल संख्या 77,793 हो गई है। देश के कुल 2 लाख 17 हजार 967 केसों में से 35% मरीज सिर्फ महाराष्ट्र में हैं।
धारावी में अबतक 71 लोगों की जान गई
एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी माने जाने वाली धारावी में पिछले 24 घंटे में 23 नए केस पाए गए हैं। नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 1872 पहुंच गई है। जबकि 71 लोगों की अब तक जान चली गई है।
जांच की घटती संख्या पर फडणवीस का सीएम को पत्र
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में कोरोना वायरस की जांचों की घटती संख्या को लेकर चिंता जताई है और इस संबंध में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक पत्र भी लिखा है। फडणवीस ने लिखा कि मुंबई की विभिन्न लैब में 10 हजार सैंपल की जांच रोज करने की क्षमता है, लेकिन रोजाना 3500 से 4000 जांच ही हो पा रही हैं।
कोरोना से अब तक 30 पुलिसवालों की मौत
महाराष्ट्र में कोविड-19 से अभी तक एक पुलिस अधिकारी सहित 30 पुलिसकर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि 2,500 से अधिक कर्मी संक्रमित पाये गए हैं। जान गंवाने वाले 30 पुलिसकर्मियों में से करीब 18 मुंबई पुलिस बल में कार्यरत थे और वे लॉकडाउन संबंधी आदेशों को लागू कराने के दौरान इस वायरस से संक्रमित हुए। अभी भी 1,510 ऐसे पुलिसकर्मी हैं, जिनका इलाज अलग-अलग हॉस्पिटल में जारी है। इसमें से 191 अधिकारी हैं।
राज्य में अब तक 28 हजार से ज्यादा लोग गिरफ्तार
लॉकडाउन लागू होने के बाद से महाराष्ट्र पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत 1,22,484 अपराध दर्ज किये हैं और इस संबंध में 28,820 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि साथ ही पुलिस ने लॉकडाउन संबंधी नियमों का उल्लंघन करके सड़क पर निकलने को लेकर 77,435 वाहनों को जब्त किया। पुलिस ने साथ ही लॉकडाउन के दौरान विभिन्न अपराधों के लिए 6.38 करोड़ रुपये का जुर्माना भी वसूल किया।
अभिनेता सोनू सूद ने 28 हजार लोगों की अब तक मदद की
अभिनेता सोनू सूद ने बृहस्पितवार को कहा कि उन्होंने और उनकी टीम ने तटीय इलाकों के नजदीक रहने वाले चक्रवात ‘निसर्ग’ से प्रभावित 28,000 लोगों को रहने की जगह और खोने-पीने का सामान मुहैया कराया। कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के कारण फंसे हुए प्रवासी मजदूरों को भी घर पहुंचाने का इंतजाम अभिनेता कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चक्रवात से प्रभावित लोगों को नगर निगम स्कूल और कॉलेजों में ठहराया गया है।
सूद ने एक बयान में कहा, “आज, हम सब कठिन समय का सामना कर रहे हैं और इससे निपटने का सबसे सही तरीका एक-दूसरे का साथ देना ही है। मेरी टीम और मैंने मुम्बई के तटीय इलाकों में रहने वाले 28,000 से अधिक लोगों को खाना बांटा और उन्हें विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में ठहराया। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वह सुरक्षित रहें।”
कोरोना अपडेट्स
- राज्य में बुधवार को 996 लोगों को घर भेज दिया गया। राज्य में अब तक कुल 32,329 लोग कोरोना मुक्त हो चुके है। राज्य में कोरोना की जांच कुल 82 लैब में की जा रही हैं। अब तक कुल 4,97,276 लोगों की जांच की जा चुकी है, 74,860 लोग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
- बॉम्बे हाईकोर्ट ने राज्य की निचली अदालत के कामकाज को लेकर नए दिशा निर्देश जारी किए है। जिसके तहत आगामी सोमवार से रेड जोन में आने वाले इलाको में स्थित निचली अदालतों को 15% स्टाफ जबकि बिना रेड जोन में वाले इलाकों की अदालतों को 50% स्टाफ के साथ काम करने की छूट दी गई है। अदालतों को इस दौरान दो शिफ्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मामलों की सुनवाई करने के लिए कहा गया है।
- महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दावा किया कि अब तक महाराष्ट्र से 11 लाख 86 हजार 212 प्रवासी मजदूरों को उनके गृह राज्य भेजा गया है। सबसे ज्यादा मजदूर उत्तर प्रदेश के थे। इन मजदूरों को 822 श्रमिक विशेष रेलगाड़ियों से छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि अपने गृह प्रदेशों को लौटने के इच्छुक प्रवासी श्रमिकों की यात्रा के लिए विशेष व्यवस्था की गई।

Source link